
जिला कांगड़ा के उपमंडल फतेहपुर से सटे पौंग जलाशय में शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने पानी की सतह पर शव देखा। जिसकी जानकारी तुरंत स्थानीय पंचायत व प्रशासन को दी गई। शव की शिनाख्त शुक्रवार को पौंग झील में डूबे हुए मछुआरे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गत दिवस जगनोली निवासी रमेश उर्फ गुड्डू अपने साथी मछुआरे के साथ पंचायत जगनोली के गांव चाट्टा में पौंग जलाशय में मछली पकड़ने के लिए नाव में बैठकर जाल लगाने गया था।
जाल बिछाने के दौरान अचानक नाव डगमगाने लगी और रमेश उर्फ गुड्डू पानी में गिर गया, जबकि दूसरा मछुआरा किसी तरह नाव लेकर किनारे तक पहुंचा। शोर मचाने पर लोग इकट्ठे हुए व प्रशासन भी पहुंच गया। काफी खोजबीन करने के उपरांत शुक्रवार देर रात तक लापता मछुआरे का कुछ भी पता न चल सका था। आखिरकार सुबह रमेश का शव पानी की सतह पर आ गया।
पंचायत पूर्व प्रधान रणबीर सिंह ने शव की शिनाख्त करते बताया कि शव गत दिवस पानी में डूबे हुए रमेश का ही है। वहीं थाना प्रभारी फतेहपुर सुरेश शर्मा ने बताया पुलिस द्वारा गत दिवस अंधेरा होने तक खोजबीन की थी। वहीं शनिवार को खोजबीन करने के लिए एनडीआरएफ़ की टीम को बुलाया गया था। लेकिन इससे पूर्व ही शव पानी की सतह पर आ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।