
मंडी : हिमाचल में सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। सरकार सबका परिवार की तरह ख्याल रख रही है। हम अतिथि देवो भव: की नीति पर चलने वाले लोग हैं। प्रदेश में आया हर सैलानी हमारा मेहमान है। हम सभी का उसी प्रकार ध्यान रख रहे हैं। यह बात मंगलवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के विभिन्न हिस्सों में अत्यधिक बारिश से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा के बाद कही। इस मौके पर विधायक अनिल शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सौम्या साम्बशिवन, एडीसी निवेदिता नेगी, एडीएम अश्विनी कुमार, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता उपेंद्र वैद्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रास्ते बहाल करने का कार्ययुद्ध स्तर पर जारी
मुकेश अग्निहोत्री ने मीडिया के माध्यम से पर्यटकों के परिजनों को भरोसा देते हुए किसी प्रकार की चिंता न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बारिश और बाढ़ से रास्ते बंद होने के कारण पर्यटक अलग-अलग जगहों पर होटल और रिजॉर्ट में रुके हैं। बिजली सप्लाई बाधित होने और मोबाइल नैटवर्क डाऊन होने के कारण उनसे बात न हो पाने के कारण परिजनों का चिंतित होना स्वाभाविक है परंतु सभी धैर्य रखें, रास्ते बहाल करने का कार्ययुद्ध स्तर पर चल रहा है। रास्ते खुलते ही सभी को सुरक्षित उनके घरों को रवाना किया जाएगा। सभी होटल, रिजॉर्ट मालिकों को भी स्थिति सामान्य होने तक सहयोग को कहा गया है। उन्होंने कहा कि मंडी जिले में बसों के करीब सभी मुख्य रूट खुले हैं। कुछ जगहों पर जहां अभी सड़क की दिक्कत है, वहां रास्ते खोलने के साथ रूट बहाली का काम किया जा रहा है।
24 घंटे में बहाल कर ली जाएंगी पेयजल की 4 हजार परियोजनाएं
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में अगले 24 घंटे में पेयजल की 4 हजार परियोजनाएं बहाल कर ली जाएंगी। बारिश और बाढ़ से प्रदेश में पानी की 5 हजार छोटी-बड़ी परियोजनाओं को नुक्सान पहुंचा है। इनमें से 4 हजार को अगले 24 घंटे में रिस्टोर कर लिया जाएगा।
मंडी में जल्द सुचारू होगी पेयजल आपूर्ति
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी शहर में भी अगले 24 से 48 घंटों के भीतर पेयजल आपूर्ति को पूरी तरह बहाल कर लिया जाएगा। बाढ़ के कारण गाद भरने से मंडी शहर की दोनों बड़ी पेयजल परियोजनाएं फिलहाल बंद हैं। शहर में अन्य छोटी परियोजनाओं से पेयजल आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को पेयजल योजनाओं के साथ-साथ सीवरेज परियोजनाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बाढ़ पीड़ितों से मिले उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी में बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। वे मंडी के ब्यास सदन और गुरुद्वारे में बनाए राहत शिविरों में रह रहे लोगों से भी मिले और उनका दुख-दर्द जाना। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को सरकारी की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और प्रशासन को सभी हर तरह से ख्याल रखने के निर्देश दिए। बता दें, प्रशासन ने बाढ़ के खतरे के चलते 200 के करीब लोगों को राहत शिविर बना कर ठहराया है। उनके ठहरने, भोजन, पानी व दवाओं की पूरी व्यवस्था की है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।