कार खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत, दो घायल #news4
March 28th, 2022 | Post by :- | 379 Views

चम्बा : चम्बा-जोत मार्ग पर भटालवां के निकट एक कार खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई तथा दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए मैडीकल कालेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया गया। यहां पर उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार को एक कार कांगड़ा से वाया जोत चम्बा की तरफ आ रही थी। इसमें 5 लोग सवार थे। जब कार भटालवां के निकट पहुंची तो अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से घायलों को निकाला।

इसके बाद उन्हें मैडीकल कालेज चम्बा पहुंचाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान लाल हुसैन पुत्र नूर माही निवासी गांव नैनुईं (डाडू) डाकघर पल्यूर जिला चम्बा, अब्दुल रशीद पुत्र हसनदीन निवासी गांव माशवाड़ी डाकघर पल्यूर जिला चम्बा व फतेह मोहम्मद पुत्र कुतुबुद्दीन निवासी गांव नैहपुरी डाकघर पल्यूर जिला चम्बा के रूप में हुई है। इसके अलावा हादसे में कार चालक शमाऊन पुत्र उमरदीन निवासी गांव माशवाड़ी डाकघर पल्यूर जिला चम्बा तथा मिसर पुत्र लाल हुसैन निवासी गांव माशवाड़ी डाकघर पल्यूर जिला चम्बा घायल हुए हैं। घायलों का मैडीकल कालेज में उपचार चल रहा है।

उनकी हालत में सुधार है। बताया जा रहा है कि ये लोग कांगड़ा में किसी शादी समारोह में गए थे। वहां से वापस घर लौट रहे थे, लेकिन सुबह करीब 5 बजे भटालवां के निकट एक तीखे मोड़ पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चम्बा-जोत मार्ग पर हुए वाहन हादसे में 3 लोगों की मृत्यु और 2 लोगों के घायल होने की सूचना अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति व शोकग्रस्त परिजनों को संबल प्रदान करे। उधर, जिला प्रशासन की ओर से मृतकों व घायलों के परिजनों को राहत राशि प्रदान की गई। एस.पी. अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस हादसे के असल कारणों की छानबीन में जुटी हुई है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।