
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश व ओलावृष्टि ने कहर बरपाया है। चंबा में भारी बारिश से आए मलबे में दो कारें दब गईं। इसके अलावा मलबा लोगों के घरों में घुस गया। एक बाइक भी मलबे की चपेट में आई। जानकारी के अनुसार चंबा जिले के हरदासपुरा-चामुंडा मार्ग पर दोपहर बाद भारी बारिश से बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। सड़क पर जमा हुए मलबे के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। हरदासपुरा और चामुंडा मार्ग से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मशीन और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मार्ग बहाल करने के कार्य में जुट गए। गनीमत रही कि अचानक आए मलबे के नीचे कोई राहगीर नहीं आया। वहीं, सोमवार दोपहर को ऊपरी शिमला के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। प्रदेश की राजधानी शिमला में झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने कहा कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम को मार्ग को बहाल करने के लिए मौके पर भेज दिया गया था। इससे पहले भी दो बार मलबा भारी बारिश के दौरान सड़क पर आने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है।
वहीं, सोमवार दोपहर को ऊपरी शिमला के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। इससे सेब, नाशपाती व अन्य फलों की फसलों को नुकसान हुआ है। कई जगह ओलावृष्टि से सेब के पौधों की टहनियां भी टूट गई हैं। रविवार को भी रामपुर उपमंडल की नोग वैली में भारी ओलावृष्टि पकने के लिए तैयार सेब की फसल तबाह हो गई थी। ओलों से सेब दागी हो गया।
कई भागों में भारी बारिश की चेतावनी
वहीं, प्रदेश में चार दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 24 जून तक प्री मानसून की बारिश जारी रहेगी। 21 जून के लिए मैदानी व मध्य पर्वतीय कुछ स्थानों पर भारी बारिश व तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश की राजधानी शिमला में झमाझम बारिश हो रही है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।