
हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार जल्द पुलिस कांस्टेबल के एक हजार पद भरेगी। प्रदेश पुलिस के रेजिंग-डे पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रदेश में शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रदेश पुलिस जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है तथा प्रदेश को अपनी मूल्यवान सेवाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने पुलिस विभाग की मांग के अनुरूप सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व पुलिस कर्मियों को एक पदोन्नति देने की भी घोषणा की। उन्होंने हिमाचल पुलिस की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर सभी पुलिस कर्मियों को विशेष मेडल देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को लागू किया है। प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग को बेहतर प्रदर्शन तथा कुशल बनाने के लिए आधुनिक सूचना साधन उपलब्ध किए हैं। विपरीत और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में पुलिस के जवानों ने अच्छा काम किया है उसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। हिमाचल जैसे छोटे से प्रदेश में शांति बनाए रखने में पुलिस महकमे का अहम योगदान है। पुलिस के जवानों को दी जाने वाली कम सैलरी और राशन मनी को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम ने कहा कि हमने काफी मामलों में कदम उठाए हैं। अगर कुछ रहता है तो उसे बेहतर करने की कोशिश करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पुलिस फोर्स को बढ़ाना और मजबूत करने की जब आवश्यकता होती है, सरकार कदम उठाती रही है।
वहीं ड्रग्स के साथ पुलिस कर्मी पकड़े जाने के मामले पर सीएम ने कहा कि इस तरह की अब तक एक ही घटना सामने आई है, इसे लेकर आत्म मंथन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि नशा नहीं, जिंदगी चुनें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस बार भी 15 नवंबर से आगामी 15 दिसंबर तक जागरुकता अभियान चलाया है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।