कुल्लू के बाहंग में फटा बादल, घरों व दुकानों में बाढ़ का पानी व मलबा घुसा
July 28th, 2023 | Post by :- | 36 Views

कटराईं : कुल्लू जिला की ऊझी घाटी में वीरवार रात बादल फटने से बाहंग नाले में बाढ़ आ गई। आधी रात को आई बाढ़ से पुलिया मलबे से ढक गई, जिससे नाले के पानी ने सड़क की ओर रुख कर लिया। जब बाढ़ आई तो लोग घरों में सो रहे थे जोकि बाढ़ की खबर सुनकर जाग गए तथा उसके बाद डर के साए में रात काटी। बीआरओ की सतर्कता से जानी नुक्सान नहीं हुआ है। बीआरओ ने रात करीब 2 बजे मशीनरी मौके पर भेज दी और पानी का रुख नदी की ओर कर दिया। बाढ़ का पानी लगभग 50 दुकानों में घुस गया, जिससे उन्हें भारी नुक्सान हुआ है, वहीं कुछ दुकानों, घरों व ढाबों में मलबा भी भर गया है। पूर्व बीडीसी. सदस्य गोकल चंद व ग्रामीणों संजू, रमेश व अंकित ने बताया कि आधी रात नाले में जोर की आवाज सुनाई दी, बाहर निकलकर देखा तो नाले का जल स्तर खतरनाक हद तक बढ़ गया था जिसके बाद उन्होंने बिना कोई समय गंवाए गांववासियों को सतर्क किया।

बीआरओ की मशीनरी ने बदला नाले का रुख 
बीआरओ ने रात 2 बजे मशीनरी घटनास्थल की ओर भेजी। समय रहते मलबा सड़क से हटाकर पानी का रुख नदी की ओर किया, जिससे जानी नुक्सान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि बाहंग के पुराने प्राइमरी स्कूल से लेकर डीजीआरई के परिसर व बीआरओ कालोनी तक नाले का मलबा फैल गया। इससे मनाली-लेह सड़क भी बाधित हो गई।

क्या बोले एसडीएम मनाली
एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने बताया कि बाढ़ से हुए नुक्सान का जायजा लिया जा रहा है। वहीं बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि बाढ़ से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। बीआरओ ने मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।