
शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग लोहड़ी के दिन 13 जनवरी को होगी। त्योहार होने के कारण मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस दिन कई अहम फैसले लेकर इसे खास बना सकते हैं। कैबिनेट बैठक हिमाचल प्रदेश सचिवालय के शिखर हाल में दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। प्रदेश के लाखों कर्मचारी पहली कैबिनेट बैठक होने का इंतजार कर रहे थे। अब उनका यह इंतजार खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री पहली कैबिनेट बैठक में लोहड़ी के पर्व पर प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना की सौगात दे सकते हैं। इसके अलावा महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये और 300 यूनिट फ्री बिजली देने का फैसला भी हो सकता है। कैबिनेट संबंधी अधिसूचना भी जारी हो गई है।
कांग्रेस के प्रतिज्ञा पत्र को बनाया नीति दस्तावेज
कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने पर चुनाव के समय लाए गए प्रतिज्ञा पत्र (चुनाव घोषणा पत्र) को अपना नीति दस्तावेज बनाया है। इसके अनुसार पार्टी का लक्ष्य चुनाव के समय किए गए सभी वायदों विशेषकर 10 गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। कांग्रेस की 10 गारंटियों में पुरानी पैंशन बहाल करना, 5 लाख युवाओं को रोजगार देना, महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देना, 300 यूनिट फ्री बिजली देना, बागवानों को फलों की कीमत निर्धारित करने की छूट देना, युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपए का स्टार्टअप फंड बनाना, हर विधानसभा क्षेत्र में 4 अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोलना, मोबाइल क्लीनिक से हर गांव में मुफ्त इलाज करना, 2 रुपए किलो से गोबर की खरीद करना और पशुपालकों से हर दिन 10 लीटर दूध को खरीदना शामिल है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।