
पड़ोसी राज्य पंजाब में प्रचंड जीत के बाद हिमाचल प्रदेश में कुनबा बढ़ाने में लगी आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह हलके सराज में एक बड़ी सेंध लगाई है। आप ने माकपा नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य संतराम को अपने कुनबे में शामिल कर लिया है।
बता दें कि संतराम को सराज हलके से आम आदमी पार्टी का टिकट मिलना लगभग तय माना जा रहा है। संतराम सराज में माकपा का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। कई दिनों से उनके आप में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। शुक्रवार को दिल्ली पहुंच संतराम आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली केे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिले। उन्हें सराजी शाल भेंट कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। संतराम खलवाहण वार्ड से जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। कामगार महिलाओं में उनकी अच्छी पैठ है। जब वह जिला परिषद सदस्य थे तो उन्होंने महिलाओं को मनरेगा में काम करने के लिए प्रेरित किया। मनरेगा के तहत मिलने वाली हर सुविधा उपलब्ध करवाई। मनरेगा का फार्म भरना हो या फिर बैंक व डाकघर में खाता खोलना हो, संतराम हर स्थान पर मौजूद रहना जानते हैं। उनके इन्हीं सामाजिक कार्यों के चलते करीब साल भर पहले हुए जिला परिषद के चुनाव में उनकी पत्नी हिमा देवी भाजपा की लाख कोशिशों के बाद भी चुनाव जीतने में सफल रही थी। संतराम ने अकेले सरकार व भाजपा संगठन से टक्कर ली थी। थाची वार्ड में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा था। संतराम भी ठाकुर हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी में इससे पहले कुछ कांग्रेस नेता शामिल हुए हैं। छह अप्रैल को मंडी में अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी एक जनसभा करने आ रहे हैं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।