
शिमला : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में अपना एक वार्षिक कैलेंडर जारी किया। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में बताया कि छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की स्मृति में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपना एक वार्षिक कैलेंडर बनाया है, जिसका आज पहली जनवरी को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सांसद प्रतिभा सिंह के हाथों विमोचन करवाया गया। राठौर ने कहा कि यह कैलेंडर वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि स्वरूप लोगों को समर्पित किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में कांग्रेस पार्टी कार्यालय में कैलेंडर जारी किया गया। वीरभद्र सिंह की तस्वीर वाले 2022 के कैलेंडर के सहारे अब कांग्रेस पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत की फ़िराक में नजर आ रही है। मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह ने इस कैलेंडर को जारी करने के बाद कहा प्रधानमंत्री मोदी के मंडी दौरे से हिमाचल को निराशा हाथ लगी है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंडी दौरे से हिमाचल प्रदेश को बड़ी उम्मीदें थी। लेकिन पीएम मोदी के दौरे से हिमाचल के हाथ निराशा ही लगी है। इसलिए 2022 में कांग्रेस पार्टी ही प्रदेश में सरकार बनाएगी। चारों उपचुनाव में भाजपा की हार से यह तय हो चुका है कि प्रदेश की जनता जयराम सरकार से दुःखी है। महंगाई, बेरोजगारी व भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान हो चुकी है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।