
दिल्ली से लौटे एक व्यक्ति को होम क्वारंटाइन के दौरान पत्नी के जन्मदिन के फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करना महंगा पड़ गया। इसकी भनक लगने पर उपमंडल प्रशासन के उड़नदस्ते ने व्यक्ति के घर में दबिश दी। यह व्यक्ति 27 अप्रैल को दिल्ली से घर वापस आया था। प्रशासन ने व्यक्ति को 14 दिन हाेम क्वारंटाइन किया था। आदेश का उल्लंघन करने पर प्रशासन ने उसे बुधवार को संस्थागत क्वारंटाइन कर दिया है।
व्यक्ति युगल किशोर बल्ह हलके के नेरचौक का रहने वाला है। घर आने के बाद बाजार में घूम रहा था। बुधवार को घर में बच्चों के साथ मिलकर पत्नी का जन्मदिन मनाया। इस दौरान केक भी काटा। केक कहां से लेकर आया था, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
प्रशासन ने उसे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भंगरोटू में बनाए गए संस्थागत क्वारंटाइन केंद्र में भेजा है। अब उसे वहां 14 दिन रहना होगा। एसडीएम बल्ह आशीष शर्मा ने कहा जो लोग बाहरी राज्यों से घर लौटे हैं। उन्हें क्वारंटाइन नियमों का पूरी तरह से पालन करनी होगा, अन्यथा प्रशासन उनके साथ सख्ती से पेश आएगा। ऐसे लोगों को घर से निकालकर संस्थागत क्वारंटाइन में डाला जाएगा। इसकी शुरुआत हो चुकी है। अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को घर में सिर्फ अलग थलग रहना होगा।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।