
मंडी में लोकसभा चुनाव राष्ट्रवाद और परिवारवाद के बीच लड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अब यह चुनाव किसी की व्यक्तिगत अह्म को संतुष्ट करने की बजाय मंडी के लोगों के सम्मान और स्वाभिमान का चुनाव बन चुका है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेतृत्व, नीति और नियत के अभाव में कांग्रेस पार्टी पहले से ही बिखरी हुई थी और अब अवसरवादियों द्वारा आर्थिक संसाधनों के दम पर टिकट हथियाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल पूरी तरह से टूट चुका है। व्यक्तिवाद के समर्थक कुछ लोग एक हारी हुई लड़ाई लड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
सराज विधान सभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा करने का दायित्व भाजपा नेतृत्व ने उन्हें सौंपा है, उसे वह अपना सौभाग्य मानते हैं। एक लंबे संघर्ष के बाद मंडी लोकसभा क्षेत्र को यह सम्मान मिला है, और मंडी के लोग अपने सम्मान की रक्षा के लिए वर्तमान लोकसभा चुनावो में भी भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाएंगे। शायद ही कोई देशभक्त होगा जो कांग्रेस को वोट देगा।
कांग्रेस का हाथ अब देशद्रोहियों के साथ
प्रदेश मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र को देखने के बाद शायद ही कोई देशभक्त होगा जो कांग्रेस को वोट देगा। देशद्रोह की धारा 124ए और सेनाओं को अफस्पा कानून के तहत मिलने वाले विशेषाधिकार को खत्म करने का वायदा करके कांग्रेस ने देश की एकता और अखंडता पर क्रुरतम प्रहार किया है। देश की जनता ने कभी स्वपन में भी नहीं सोचा होगा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी एक दिन अलगावादियों के साथ खड़ी हो जाएगी। देश की सुरक्षा और सैनिकों की जान के लिए खतरे पैदा करने वाला ऐसा कदम तो देश के प्रधानमंत्री रहे पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह ने भी नहीं उठाया था। कांग्रेस के घोषणा पत्र को देख कर लगता है कि कांग्रेस का हाथ अब देशद्रोहियों के साथ हो गया है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।