‘मोदी सरकार हिमाचल के लिए दिल खोलकर कर रही है मदद’, हमीरपुर में बोले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर
July 15th, 2023 | Post by :- | 44 Views

हमीरपुर : केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल में हुए नुकसान पर अब तक लगभग 400 करोड़ की मदद हिमाचल के लिए कर दी है। आने वाले समय में और भी सहायता की जाएगी। यह बात केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हिमाचल के लिए दिल खोलकर मदद कर रही है। 13 बटालियन एनडीआरएफ टीमें हिमाचल में तैनात की गई हैं। दो वायुसेना के हेलीकॉप्टर हिमाचल में लोगों की सेवा के लिए केंद्र ने भेजे हैं। मोदी सरकार तो पूरा काम कर रही है लेकिन प्रदेश की सत्तासीन कांग्रेस सरकार भी लोगों को राहत पहुंचाने का काम करे।

‘प्रदेश सरकार को राहत देने का काम करना होगा’

अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस आपदा में लोगों को भारी नुकसान हुआ है। कई लोगों के मकान गिर गए हैं। कई लोगों के मकान गिरने की कगार पर हैं। उन्हें राहत मिले इसके लिए प्रदेश सरकार को काम करना होगा। उन्होंने कहा कि आपदा के समय हिमाचल सरकार ने डीजल की दरों में बढ़ोतरी की है, जो गलत है। इस फैसले को सरकार को वापस लेना होगा।

‘सरकार ने लोगों को दुख देने का काम किया’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने दो बार पेट्रोल पदार्थों के दाम कम किए लेकिन आज जहां-जहां कांग्रेस सरकार सत्तासीन हैं उस राज्य में दाम कम करने की बजाय लगातार बढ़ाए गए हैं जिसका ताजा उदाहरण हिमाचल है। इस सरकार ने केवल लोगों को दुख देने का काम किया है। पहले संस्थानों को बंद किया फिर कोविड-19 स्वास्थ्य कर्मचारियों को उनकी नौकरी से बाहर निकाल दिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमाचल में आई आपदा से हर कोई दुखी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत करके हर यथासंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है और यथासंभव सहायता की भी जा रही है।

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस मौके पर उनके साथ जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रोफेसर विक्रम राणा, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य कैप्टन रंजीत राणा, मंडल मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष प्यार चंद सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।