Morocco Earthquake : मोरक्को भूकंप में किसी भी भारतीय नागरिक के प्रभावित होने की रिपोर्ट नहीं, अब तक 2000 से ज्यादा की मौत #
September 10th, 2023
| Post by :- Ajay Saki
| 29 Views

Morocco Earthquake : मोरक्को में शुक्रवार देर रात आए 6.8 तीव्रता के भूकंप के कारण 2,000 से अधिक लोगों की मौत होने की खबर है। मोरक्को के गृह मंत्रालय ने शनिवार देर रात बताया कि भूकंप में 2,012 लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 2,059 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 1,404 की हालत गंभीर है। भूकंप के डरावने मंजर में लोग अब अपनों की तलाश कर रहे हैं।
कोई भारतीय नहीं हुआ हताहत : मोरक्को में आए विनाशकारी भूकंप के कारण किसी भारतीय नागरिक के प्रभावित होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं मिली है। यहां स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।
दूतावास ने मोरक्को में रह रहे सभी भारतीयों को धैर्य रखने और स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।
भूकंप के बाद रबात में भारतीय दूतावास ने शनिवार को एक परामर्श जारी किया और कहा कि वह भारतीय समुदाय के संपर्क में है।
दूतावास ने कहा कि भूकंप के कारण किसी भी भारतीय नागरिक के प्रभावित होने की अभी तक कोई सूचना नहीं है।
उसने मोरक्को में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से धैर्य रखने और समय-समय पर स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा जारी परामर्श/दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
परामर्श में कहा गया है कि भारतीय नागरिक किसी भी सहायता के लिए चौबीसों घंटे सेवा में उपलब्ध दूतावास के हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सकते हैं।
इससे पहले, मोरक्को में भारतीय दूतावास ने भूकंप पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा था कि भारत इस कठिन समय में मोरक्को को सहायता देने के लिए तैयार है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।