
सोलन: नगर निगम सोलन ने शहर में बिना अनुमति होर्डिंग लगाने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम प्रशासन ने 181 लोगों को नोटिस जारी कर एक करोड़ 15 लाख रुपये का जुर्माना किया है।
नगर निगम सोलन क्षेत्र में कुछ मकान मालिकों और वेंडरों ने नियमों को ताक पर रखकर विभिन्न शिक्षण संस्थानों और कंपनियों के प्रचार-प्रसार से संबंधित होर्डिंग को अवैध तौर पर लगाया है। इसके लिए नगर निगम प्रशासन से अनुमति भी नहीं ली गई है।
अवैध होर्डिंग से निगम को हो रहा नुकसान
अवैध होर्डिंग से वेंडर और मकान मालिक को तो लाभ हो रहा है, लेकिन नगर निगम को कोई आय नहीं हो रही है। अब निगम प्रशासन ने शहर में अवैध रूप से होर्डिंग लगाने वालों पर जुर्माना करना शुरू किया है। इसके अलावा अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश भी दिए हैं। पहले निगम की टीम ने सोलन की परिधि में अवैध रूप से लगाए होर्डिंग की साइट को चिह्नित किया।
निगम ने जांच करने पर पाया कि शहर में 150 से अधिक साइट पर मकान मालिकों और प्रचार करने वाले वेंडरों ने निगम से बिना अनुमति लिए ही होर्डिंग लगाए हैं। इससे निगम को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा है। इसके बाद नोटिस देकर जुर्माना किया गया है।
लोग अनुमति से ही लगाएं होर्डिंग- जफर इकबाल
नगर निगम के कार्यकारी आयुक्त व एडीसी सोलन जफर इकबाल का कहना है कि शहर में लोग निगम की अनुमति के बाद ही होर्डिंग लगाएं। ऐसा न करने पर निगम द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निगम द्वारा अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई करते हुए लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। उनकी जुर्माना राशि जो बनती है उन्हें अदा करना पड़ेगा। शनिवार को इस संबंध में बैठक हुई जिसमें लोगों को चर्चा के बाद निर्देश दिए गए हैं।
भारी-भरकम जुर्माने से लोगों में रोष
नगर निगम प्रशासन की शनिवार को होर्डिंग लगाने वालों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता निगम के कार्यकारी आयुक्त व एडीसी सोलन जफर इकबाल ने की। इस दौरान निगम की महापौर पूनम ग्रोवर भी उपस्थित रहीं। बैठक में जिन लोगों को नोटिस जारी हुए थे उनसे चर्चा की गई व भविष्य में होर्डिंग निगम की अनुमति से लगाने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद सोलन निवासी भावुक गौतम ने बताया कि उन्होंने काफी पहले होर्डिंग हटा दिया था, इसके बावजूद निगम द्वारा जुर्माना लगाया गया है। जिस दुकान पर होर्डिंग का जुर्माना लगा है वह उन्होंने किसी को किराये पर दी हुई है। वहीं भीमेंद्र चौहान ने बताया कि उन्हें एक लाख 45 हजार का जुर्माना लगाया गया है, जो ज्यादा है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।