
शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार ने काेरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच एक और बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सरकारी कार्यालय पांच दिन ही खोलने का निर्णय लिया है। इसके अलावा पचास फीसद कर्मचारी ही कार्यालय आएंगे। इसके अलावा सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। लंगर व धाम के आयोजन पर भी रोक लगा दी गई है। दुकानों के खुलने का समय भी सीमित किया जाएगा, इस पर जिला प्रशासन निर्णय लेगा। यह आदेश सोमवार दस जनवरी से 24 जनवरी तक लागू रहेंगे।
सोमवार से प्रदेश में पांच दिन का कार्य दिवस घोषित किया गया है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए, इस आशय की अधिसूचना जारी की गई है। सरकार के यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। सोमवार से यह व्यवस्था रहेगी।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदेश में एक्टिव केस तीन हजार के करीब पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी पंद्रह जनवरी तक अपने सभी तय कार्यक्रम रद कर दिए हैं। प्रदेश में अभी नाइट कर्फ्यू लागू है। लेकिन कोरोना संक्रमण के मामले इसी तरह से बढ़ते रहे तो सख्ती और बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है।
प्रदेश सरकार ने 26 जनवरी तक मेडिकल के अलावा सभी शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं। वहीं आनलाइन पढ़ाई का आदेश दे दिया है। शिक्षक घरों से ही आनलाइन पढ़ाई करवाएंगे। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने बहुतनीकी संस्थानों की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार सोमवार को समीक्षा बैठक के दौरान कुछ सख्त निर्णय भी लिए जा सकते हैं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।