रोहड़ू अस्पताल में एक समय में 100 बिस्तरों को मिलेगी आक्सीजन #news4
January 6th, 2022 | Post by :- | 186 Views

रोहडू : सिविल अस्पताल रोहडू अब आक्सीजन की निर्विघ्न आपूर्ति की सुविधा से लैस हो गया है। कोरोना संकट के चलते सांस की बीमारी से ग्रस्त मरीजों को सुविधा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने प्रेश स्विग ओब्जर्वेशन (पीएसए) आक्सीजन प्लांट स्थापित किया है। करीब चार करोड़ से स्थापित प्लांट का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को आनलाइन लोकार्पण किया। प्लांट की कुल उत्पादन क्षमता एक हजार लीटर प्रति मिनट है। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से प्लांट चलाया जाएगा।

अस्पताल में प्लांट को पीएम केयर फंड के तहत ढाई करोड़ की लागत से स्थापित किया गया है वहीं अस्पताल में मरीजों को आक्सीजन की सुचारू आपूर्ति को बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार के सहयोग से 1.50 करोड़ से मेनिफोल्ड सेक्शन बनाया गया है। इसमें एक समय में डी-टाइप के 50 गैस सिलेंडर भरे पड़े रहेंगे। इसके चलते प्लांट में बिजली चले जाने व अन्य तकनीकी बाधाएं उत्पन्न होने पर आक्सीजन की आपूर्ति को सुचारू रखने में सहयोग मिलेगा।

रोहडू अस्पताल में 100 बिस्तरों को एक साथ आक्सीजन की सुविधा से जोड़ा गया है। ऐसे में यहां पर कोविड जैसी वैश्विक महामारी के साथ आम दिनों में आक्सीजन की कमी से बड़ी राहत मिलेगी।

———-

प्लांट के स्थापित होने के बाद अब अस्पताल में आक्सीजन की सुचारू व पर्याप्त सुविधा मिल गई है। इससे मरीजों को परेशानी नहीं होगी। वहीं पर्याप्त भंडारण सुविधा से आपातकाल में भी आक्सीजन उपलब्ध होगी। इसके संचालन एवं रखरखाव को लेकर अस्पताल प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

-रविद्र शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, सिविल अस्पताल रोहडू।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।