एक-दो दिन के लिए लोगों को झेलनी पड़ सकती है पेयजल किल्लत, नगर निगम को कम मिला पानी
February 17th, 2023 | Post by :- | 78 Views

सोलन: सोलन शहर में एक-दो दिन के लिए लोगों को पानी की दिक्कत झेलनी पड़ सकती है। नगर निगम की मानें तो वीरवार को जल शक्ति विभाग से उन्हें मात्र दस लाख गैलन पानी ही मिल पाया है, जबकि शहर के 17 वार्डों में रोजाना 20 से 22 लाख गैलन पानी की आवश्यकता होती है। निगम में जल वितरण का जिम्मा देख रहे कर्मचारियों का कहना है कि कई दिन से जल शक्ति विभाग से उन्हें 15 लाख गैलन से ज्यादा पानी नहीं मिला है।

निगम के अनुसार नहीं है पानी की समस्या

इसके चलते इन दिनों वार्ड अनुसार चौथे दिन पानी लोगों को मिल रहा है। वहीं जल शक्ति विभाग का दावा है कि उनके द्वारा रोजाना पूरी मात्रा में पानी निगम को दिया जा रहा है व इसके अलावा निगम के पास स्टोरेज में भी पानी रहता है। जल शक्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बुधवार रात धर्मपुर व आसपास के क्षेत्रों में विभाग द्वारा पानी की आपूर्ति दी गई, जिसके बाद वीरवार को निगम को कम पानी मिला है।

व्यर्थ बहता है हजारों लीटर पानी

उनका कहना है कि इससे पूर्व विभाग द्वारा निगम को हर दिन पूरा पानी दिया जा रहा है। शहर में पानी की आपूर्ति कम मिलने के बाद भी कई क्षेत्रों में रोजाना हजारों लीटर पानी फटी पाइपों के चलते व्यर्थ बह जाता है। वहीं नगर निगम क्षेत्र में पानी सप्लाई की पाइपें काफी पुरानी हो चुकी हैं, जिसके चलते रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है। वहीं शहर में पानी की टंकियां भी ओवरफ्लो होते देखी जा सकती हैं।

निगम को मिला दस लाख गैलन पानी

नगर निगम के वाटर सप्लाई सुपरवाइजर धर्म सिंह का कहना है कि वीरवार को जल शक्ति विभाग से नगर निगम को दस लाख गैलन पानी मिला है, जबकि सोलन शहर में रोजाना 20 से 22 लाख गैलन पानी की आवश्यकता होती है। पिछले दिनों भी 15 लाख गैलन के करीब रोजाना पानी मिल रहा है।

निगम को पूरी मात्रा में मिल रहा पानी- विभाग

वहीं जल शक्ति विभाग सोलन के अधिशाषी अभियंता सुमित सूद ने कहा कि बुधवार रात को धर्मपुर व आसपास के क्षेत्रों में जल शक्ति विभाग द्वारा पानी की आपूर्ति दी गई है। इसके चलते निगम को कम पानी दिया गया है। वहीं इससे पहले रोजाना पूरी मात्रा में पानी निगम को दिया जा रहा है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।