पांगी घाटी के लोगों को मिली करोड़ों की सौगात #news4
July 12th, 2022 | Post by :- | 97 Views

पांगी : पांगी घाटी के लोगों को मंगलवार को करोड़ों की सौगात मिली हैं। जलशक्ति महेंद्र ठाकुर ने पांगी प्रवास के दौरान करीब नौ करोड़ की धनराशि से निर्मित होने वाले विभिन्न विकासात्मक कार्यों के शिलान्यास किए। इसमें बहाव सिचाई योजना ताई-सुराल चरण-एक के संवर्धन कार्य का शिलान्यास, पेयजल भंडारण टैंक किलाड़ का निर्माण एवं पाइपलाइन के सुधार कार्य, बाढ़ नियंत्रण कार्य सेचू-हडून, बहाव सिचाई योजना थांदल के पुन: निर्माण और निरीक्षण कुटीर जलशक्ति विभाग किलाड़ आदि के शिलान्यास प्रमुख हैं।

इसके बाद मंत्री ने किलाड़ में जनसभा को संबोधित किया। कहा पांगी घाटी में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र करयास, करयूणी, धरवास और पुर्थी पंचायतों को सीवरेज सुविधा से जोड़ा जाएगा। इस कार्य योजना पर 20 करोड़ की अनुमानित लागत आएगी। पांगी उपमंडल में कृषि और बागवानी की संभावनाओं को देखते हुए क्षेत्र में सिचाई की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

इससे पहले विधायक जियालाल कपूर ने जलशक्ति मंत्री का किलाड़ पहुंचने पर स्वागत किया। पांगी उपमंडल में करवाए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों का उल्लेख किया। कहा लाहुल की तर्ज पर पांगी घाटी में भी पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विभाग के अधीक्षण अभियंता को मिधल माता मंदिर के उपयुक्त स्थल पर एक लाख लीटर जल भंडारण टैंक के निर्माण के लिए कार्रवाई के भी निर्देश दिए।

——–

इन कार्यो को करवाने के भी दिए निर्देश

जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने फिडरू, गुवाड़ी और फिडपार क्षेत्र में उठाऊ पेयजल योजना, करेल तथा पुंटो गांव में नागनी से रियाली नाला सिचाई कूहल निर्माण, शिखंल धार से किलाड़ कवास और करयास के लिए सिचाई की सुविधा और हुडान नाले से करयूणी पंचायत में सिचाई कूहल के निर्माण कार्यों को प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना के तहत कार्य योजना तैयार करने के लिए भी मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए।

—–

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष हाकम राणा, चीफ इंजीनियर जल शक्ति विभाग एसके कनोतरा, उपमंडलाधिकारी रजनीश शर्मा, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति चंबा रणजीत चौधरी, वन मंडल अधिकारी पांगी सचिन शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग विशाल चोपड़ा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति हरि प्रकाश भारद्वाज, अधिशाषी अभियंता विद्युत बोर्ड संतोष कुमार शर्मा, जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य तुरुप चंद, राजकुमार, कल्याण ठाकुर, सेवा संस्था के अध्यक्ष डा. हरीश शर्मा स्थानीय प्रधान केदारनाथ शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।