चारागाह में फेंका जा रहा सड़क का मलबा #news4
April 24th, 2022 | Post by :- | 125 Views

साहो : लोक निर्माण विभाग मंडल चंबा के दायरे में आने वाले अनुभाग-दो के तहत परोथा-सरा सड़क निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाले मलबे को चारागाह में फेंका जा रहा है। जिस कारण ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। साथ ही निचली तरफ लगते तीन गांवों को भी खतरा बना हुआ है।

मलबा गिराने के कारण चारागाह बर्बाद हो रही है। इससे पशुपालकों को अपने पशुओं को चराने के लिए समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी धर्मचंद, संतो, मान सिंह, बैंसू, जयदेव, भानु, प्रभु, करमा, सहदेव तथा निहाला का कहना है कि आगामी बरसात के दिनों में भूस्खलन होने की आशंका भी लगातार बनी हुई है। इससे निचली तरफ लगते गांवों ओथल, सुकरांड तथा बनीउदा का अस्तित्व मिटने का खतरा है। यदि समय रहते उक्त समस्या का समाधान नहीं किया जाता है तो आने वाले समय में यह समस्या और भी विकराल रूप धारण कर लेगी।

लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का कार्य सुरक्षित ढंग से किया जाना चाहिए। सड़क निर्माण गांवों की भाग्य रेखा है इसलिए उक्त कार्य को रोका जाना उचित नहीं है लेकिन निर्माण का कार्य इस तरीके से करवाया जाए कि उसे निकलने वाले मलबे को कहीं डंपिग साइट पर फेंका जाए और लोगों के जो आम रास्ते, चारागाह और घासनी हैं, उन्हें नुकसान न पहुंचाया जाए।

लोगों ने सड़क निर्माण कार्य में जुटी एजेंसी से मांग की है कि सड़क की कटाई के दौरान जो मलबा निकल रहा है उसे जल्द साफ किया जाए और रास्ते की हालत को दुरुस्त करवाया जाए। यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।

——-

सड़क की कटाई के दौरान जो मलबा निकल रहा है उसे सही तरीके से दूसरी जगह डंप किया जा रहा है। यदि फिर भी कहीं मलबा गिरा है तो लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए सफाई करवा दी जाएगी।

-परवेज, साइट इंचार्ज हौंडा स्ट्राइकर कंपनी।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।