जनमंच को बंद करने पर सदन में हंगामा, पक्ष-विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी नोंक-झोंक #
March 22nd, 2023 | Post by :- | 74 Views

शिमला : सरकार की तरफ से जनमंच को बंद करने के विरोध में विपक्ष ने विधानसभा के भीतर इसका विरोध किया। विपक्ष के सदस्य नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वैल में पहुंचे तथा उसके बाद नारेबाजी शुरू कर दी। इसका जवाब सत्तापक्ष के सदस्यों ने नारेबाजी करके दिया, जिससे सदन का माहौल गरमा गया। जनमंच के मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी नोंक-झोंक भी हुई। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्थिति को देखते हुए कार्यवाही को 15 मिनट की अवधि के लिए स्थगित कर दिया। पूर्व भाजपा सरकार के समय में 258 जनमंच पर 5.34 करोड़ रुपए व्यय हुए। इस दौरान 45726 शिकायतों में से 43821 का निपटारा किया गया तथा 1905 शिकायतें अभी भी लंबित हैं।

गोमा ने जनमंच को लेकर पूछो सवाल, बाद में हुआ बवाल
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक यादवेंद्र गोमा ने विधायक संजय रत्न की अनुपस्थिति में अधिकृत करने जनमंच से संबंधित सवाल पूछा। उनकी तरफ से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने जानकारी दी कि वर्तमान सरकार ने जनमंच को बंद कर दिया है। यह प्रश्नकाल के दौरान पूछा गया अंतिम सवाल था, जिसके बाद जनमंच को लेकर बवाल मचा।

जनमंच बना लंचमंच, मेरे ऊपर दर्ज हुआ मामला : जगत नेगी
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा सरकार के समय में शुरू किए गए जनमंच को लंचमंच बताया। उन्होंने कहा कि इसमें 2.70 करोड़ रुपए से तो लंच करवाया गया, जिसमें अधिकतर पार्टी कार्यकर्ता थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें छुटभैय्या नेताओं को मंच मिलता था, उनके ऊपर तो उलटा धारा-506 के तहत मामला दर्ज किया गया।

सब कुछ बंद-बंद करने लगी है सरकार : जयराम
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार सब कुछ बंद-बंद करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जनमंच में शहर से लेकर ग्रामीण स्तर तक लोगों की समस्या का घर-द्वार पर निवारण होता था। इसमें समस्या को उठाने वाला खुद माइक पर बोलता था। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गलत काम करने से रोकने का काम विपक्ष का है, बाकि निर्णय लेना सरकार का काम है।

नया मंच जल्द सजेगा, अधिकारी-कर्मचारी को मिलेगा सम्मान : सुक्खू 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नई सरकार का नया मंच जल्द सजेगा, जिसमें अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मान मिलेगा। नए मंच के माध्यम से सरकार हर वंचित व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं का निवारण करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को राजनीतिक रोटियां सेंकने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री तीसरी बार सदन में एक ही बात को दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने भले ही जनमंच के दौरान भोजन पर 2.70 करोड़ रुपए व्यय किए हो, लेकिन सरकार नई योजना के माध्यम से कर्मचारी की समस्याओं का समाधान खोजेगी।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।