देवभूमि जनहित पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष रुमित ठाकुर बोले, नहीं लड़ेंगे चुनाव पर लोगों के हक के लिए जारी रहेगा संघर्ष #news4
April 24th, 2022 | Post by :- | 182 Views

नाहन : हिमाचल प्रदेश में देवभूमि जनहित पार्टी विकल्प लेकर आई है। देवभूमि जनहित पार्टी सभी के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ेगी। ये शब्‍द जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के नारग में जनसभा को संबोधित करते हुए देवभूमि जनहित पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष रुमित ठाकुर ने कहे।

उन्‍होंने कहा कि वह अपने अधिकारों की लड़ाई बुलंद करने के लिए खड़े हुए हैं। सवर्ण समाज ने 10 दिसंबर 2021 को धर्मशाला में सत्ताधारी दल को अपनी ताकत का एहसास करवाया तथा उसके बाद भी सवर्ण आयोग के गठन को लेकर मात्र आश्वासन ही मिले। किसी को क्या मिला, इससे हमें कोई सरोकार नहीं है। लेकिन सवर्ण समाज को क्या मिला, यह सबसे बड़ा प्रश्न है।

जनसभा को संबोधित करते हुए रुमित ठाकुर ने कहा कि वह अत्याचार न करेंगे, न करने देंगे। वह प्रदेश के सब लोगों के लिए लड़ रहे हैं। अगर सवर्ण समाज के हितों के लिए राजनीतिक मैदान ही रणभूमि है, तो वह इस रणभूमि में उतरने को तैयार हैं। हमारे पूर्वजों ने भी धर्म की रक्षा के लिए अपनी गर्दन कटवाई है। हम हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसका अधिकार दिलाने के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे। देव भूमि क्षेत्रीय संगठन व देवभूमि सवर्ण संगठन द्वारा जो देवभूमि जनहित पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, वह उसे पूरी तरह से निभाएंगे। रुमित ठाकुर ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशियों को खड़ा करेंगे।

चुनाव न लड़ने का फैसला

इसके साथ ही रुमित ठाकुर व देवभूमि सवर्ण संगठन के अध्यक्ष मदन ठाकुर ने चुनाव न लड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि वह संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव लड़वाएंगे। पंडाल में बैठी जनता से मांग की कि पच्छाद विधानसभा व श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में वह जिस भी आरक्षित व्यक्ति को चुनाव में उतारेंगे, वह जीतना चाहिए। भाजपा व कांग्रेस पर बरसते हुए रुमित ने कहा कि 24 दिन तक जब वह जेल में बंद थे। तो भाजपा कांग्रेस के विधायकों में से कोई भी उनके साथ खड़ा होने नहीं आया। सभी पीठ दिखा कर भाग गए। 24 दिनों की प्रताड़ना प्रदेश में नया इतिहास लिखेंगे। 51 सालों के बाद सवर्ण समाज ने हिमाचल में क्रांति लाई है। चुनाव में केवल छह महीने का समय रह गया है। देवभूमि जनहित पार्टी को हर घर से अपने आप को जोड़ना है।

हर घर में कांग्रेस-भाजपा के लिए लगे धारा 144

रुमित ने कहा कि जब सवर्ण समाज के लोगों के धरना, प्रदर्शन व रैलियां होती थी तो भाजपा सरकार धारा 144 लगा दी थी। अब प्रत्येक घर में कांग्रेस-भाजपा के लिए धारा 144 लगनी चाहिए, ताकि उन्हें भी मालूम हो कि इसका कैसा असर होता है। रुमित ठाकुर ने कहा कि यदि हिमाचल प्रदेश में देवभूमि जनहित पार्टी की सरकार बनती है तो वह हिमाचल प्रदेश के सभी पूर्व विधायकों की पेंशन बंद करेंगे तथा देवभूमि जनहित पार्टी का कोई भी विधायक पेंशन नहीं लेगा। इसके साथ ही एनपीएस और ओपीएस कर्मचारियों की पेंशन भी बहाल की जाएगी।

स्‍वास्‍थ्‍य व शिक्षा फ्री करने का दावा, सीमेंट का बैग 465 की जगह 265 रुपये में मिलेगा 

हिमाचल के लोग मेहनती हैं तथा उन्हें कुछ भी फ्री लेने की आदत नहीं है। यदि देवभूमि जनहित पार्टी की सरकार बनती है, तो प्रदेश के लोगों को स्वास्थ्य और शिक्षा को मुक्त किया जाएगा। जब वह 24 दिन तक जेल में रहे तो भाजपा व कांग्रेस के हिमाचल में 12000 लोगों ने भाजपा कांग्रेस छोड़कर देवभूमि जनहित संगठन को अपनाया है, जिनका वह स्वागत करते हैं। देवभूमि जनहित पार्टी की सरकार बनने पर हिमाचल के लोगों को सीमेंट का बैग 465 की जगह 265 रुपये में मिलेगा। हिमाचल में लगे निजी उद्योगों में 85 प्रतिशत हिमाचल के लोगों को रोजगार दिलाया जाएगा। पांच लाख से नीचे आय वाले प्रत्येक परिवार को 3000 रुपये प्रतिमाह सामाजिक पेंशन दी जाएगी। जिला सिरमौर के हाटी समुदाय को जनजातिय दर्जा दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे, एचआरटीसी की मांगों को पूरा किया जाएगा, किसानों के लिए एक समान योजना लागू की जाएगी। जाति के आधार पर कोई आरक्षण नहीं होगा, आर्थिक आधार पर आरक्षण होगा।

एक और झूठा देशप्रेमी आया

अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बगैर रुमित ठाकुर ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के बाद आजकल एक और झूठा देश प्रेम दिखाने वाला व्यक्ति आ रहा है, उसे हिमाचल प्रदेश में नहीं आने दिया जाएगा। अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए प्रदेश के लोगों को हर समस्या को सुलझा लिया जाएगा। प्रदेश के लोगों को आंदोलन की ओर नहीं धकेला जाएगा। इससे पहले जनसभा को संबोधित करते हुए देवभूमि सवर्ण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मदन ठाकुर ने देवभूमि जनहित पार्टी बनाने की अधिकारिक घोषणा की तथा रुमित ठाकुर को देवभूमि जनहित पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार कर दिया जाएगा तथा सोमवार से पार्टी को पंजीकृत कराने के लिए दस्तावेज चुनाव आयोग के कार्यालय में जमा करवाए जाएंगे जाएंगे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।