रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जंग के बीच भारत को लेकर किया बड़ा ऐलान, अमेरिका को दी चेतावनी
February 21st, 2023 | Post by :- | 69 Views
मास्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने अपने वार्षिक संबोधन में पश्चिमी देशों पर यूक्रेन (Ukraine) में युद्ध शुरू करने का आरोप लगाया और कहा कि रूस ने इसे रोकने के लिए बल का इस्तेमाल किया। पुतिन ने दावा किया कि जंग के मैदान में रूस को हराना नामुमकिन है। उन्होंने एशिया में भारत, चीन आदि देशों से व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर (INSTC) बनाने की भी घोषणा की। पुतिन ने कहा कि अगर अमेरिका परमाणु हथियार परीक्षण करता है, तो रूस भी ऐसा करने के लिए तैयार है।
पुतिन ने मंगलवार को मॉस्को में कहा कि रूस बातचीत करने और पश्चिम के साथ कूटनीति के रास्ते पर चलने के विचार के लिए खुला था। सुरक्षा की समान व्यवस्था के लिए खुला रहा है। इस दौरान उन्होंने नाटो के विस्तार का जिक्र करते हुए दावा किया कि मास्को को ‘बेईमान जवाब’ मिले।
रूसी राष्ट्रपति ने अपने भाषण में अमेरिका और उसके सहयोगियों को निशाना बनाते हुए पश्चिमी देशों पर स्थानीय संघर्ष को वैश्विक संघर्ष में बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
पुतिन ने कहा कि हम उचित तरीके से प्रतिक्रिया देंगे। हम अपने देश के अस्तित्व के बारे बात कर रहे हैं। अपने भाषण में पुतिन ने भारत का जिक्र करते हुए कहा कि रूस भारत के साथ अपने सहयोग और व्यापार को बढ़ाना जारी रखेगा।
यूक्रेन को पिछले एक साल से सैन्य सहायता देने वाले देश का नाम लिए बिना पुतिन ने अमेरिका को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को जितनी ज्यादा लंबी दूरी के हथियार भेजे जाते हैं, हमें खतरे को अपने से उतनी ही ज्यादा दूर धकेलना होगा।  कदम दर कदम, हम सावधानीपूर्वक और व्यवस्थित रूप से उन लक्ष्यों को हासिल करेंगे जो हमारे सामने हैं। एजेंसियां

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।