
शिमला : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को केंद्र सरकार के आठ साल पूरे होने पर शिमला आ रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन और नगर निगम शिमला ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में देशभर से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
शहर के मालरोड पर टारिग का काम शुरू कर दिया है। लिफ्ट से लेकर स्कैंडल प्वाइंट तक टारिग कर दी गई है। टारिग विधानसभा तक की जाएगी। इसके अलावा नगर निगम शिमला ने रिज मैदान, मालरोड, टका बैंच से लेकर जोधा निवास से लेकर चर्च तक लगी ग्रिल पर भी रंग-रोगन का काम शुरू कर दिया है। रविवार को जोधा निवास से चर्च तक सड़क के किनारे लगी ग्रिल पर रंग-रोगन का काम करवाया गया।
रैली के दिन सफाई व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की रहेगी। इसके अलावा पीने के पानी की व्यवस्था की जिम्मेदारी शिमला जल प्रबंधन निगम को दी गई है। रैली स्थल पर नगर निगम अस्थायी शौचालयों का निर्माण करेगा। इसकी व्यवस्था भी शिमला जल प्रबंधन निगम ही देखेगा। नगर निगम द्वारा कर्मचारियों को शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के आदेश दे दिए गए हैं।
नगर निगम शिमला के आयुक्त आशीष कोहली ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शिमला आ रहे हैं और उनके दौरे को लेकर मुख्य सचिव और जिला उपायुक्त के साथ बैठकें हुई हैं। उन्होंने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था के साथ पानी की व्यवस्था करने और शौचालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर सफाई कर्मचारियों को जरूरी दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।