
शिमला : शिमला जिले के मैहली में निर्माणाधीन भवन की छत के नीचे रविवार सुबह एक नवजात के शव को कुत्ते द्वारा नोचे जाने का मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब 8.30 बजे की है। भवन के पास से गुजर रहे लोगों ने देखा कि कुत्ते किसी शव को नोच रहे हैं। इसकी सूचना तुरंत पुलिस चौकी कसुम्पटी को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची। डीएसपी सिटी मंगतराम, चौकी इंचार्ज भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि किसने इसे यहां पर फेंका था। सुबह के समय मकान की छत के नीचे नवजात को कुत्तों द्वारा नोचते हुए मंजर को देख लोग कांप उठे। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि यह एक दिल-दहला देने वाली घटना हुई है।
जानिए क्या है पूरा मामला
डीएसपी सिटी मंगतराम ने बताया कि सुबह 8.30 बजे के करीब इसकी सूचना मिली कि मैहली में निर्माणाधीन भवन के छत के नीचे कुत्ते नवजात को नोच रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फारेंसिक टीम व डाग स्क्वाड ने भी पहुंच कर गहन छानबीन की। पंचायत प्रधान सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि सुबह उन्हें इसकी सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। आरोपितों को पकड़ कर सख्त से सख्त सजा दें।
क्षेत्र में फैली सनसनी
कुत्तों द्वारा नवजात का शव मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों की नजर इस पर नहीं जाती तो शायद नवजात के शव की जानकारी भी नहीं मिल पाती। फिलहाल यह शव किसका है, किसने इसे फेंका है इस बारे में अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने इसको लेकर लोगों से पूछताछ भी की।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।