
आनी : हिमपात के कारण दो सप्ताह से बड़े वाहनों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग जलोड़ी दर्रे से बड़ा नाला के बीच बंद है। मार्ग के बंद होने से लोगों की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के आनी सब डिवीजन ने खनाग से जलोड़ी तक राष्ट्रीय राजमार्ग से बर्फ हटा दी है। लेकिन बंजार सब डिवीजन की ओर से अभी तक सड़क बहाल नहीं की जा सकी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने के कारण आनी और निरमंड उपमंडलों की हजारों आबादी का कुल्लू से संपर्क कटा हुआ है। इस कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम ( एचआरटीसी) की बस सेवाएं ठप पड़ी हैं। पूर्व जिला परिषद सदस्य लोकेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन की अनदेखी के चलते लोगों को कई किलोमीटर बर्फ के बीच जान जोखिम में डालकर पैदल सफर करना पड़ रहा है। टैक्सियों में आनी से खनाग, जलोड़ी जोत तक का 100 से 150 रुपये प्रति व्यक्ति किराया वसूला जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जलोड़ी दर्रे से सोझा की ओर बड़े नाले तक पड़ी बर्फ को हाइवे पर से हटा दिया जाए। उन्होंने मांग की है कि आनी से जलोड़ी जोत की ओर जहां तक एचआरटीसी की बस जा सकती हो भेजी जाए।
————–
जनता को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए आनी से जलोड़ी की ओर जहां तक बस योग्य सड़क बहाल होगी, वहां तक आनी से सुबह साढ़े नौ बजे बुधवार से बस भेजी जाएगी।
-रमेश गुप्ता, अड्डा प्रभारी, एचआरटीसी, आनी।
————-
बड़ा नाला से ऊपर जलोड़ी दर्रे की ओर बर्फ काफी ज्यादा जमा है। जिसे चढ़ाई की ओर हटाना मुश्किल भरा होता है। 200 लीटर डीजल भेजकर एनएच के आनी सबडिवीजन का डोजर जलोड़ी जोत से बड़ानाला के बीच एनएच को खोलने में लगा दिया है।
-टहल सिंह, सहायक अभियंता, एनएच सबडिवीजन बंजार।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।