
नाहन : करीब 400 वर्ष पुराने ऐतिहासिक शहर में रविवार को भगवान जगन्नाथ की विशाल रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। भगवान जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई यात्रा कालीस्थान होते हुए चौगान मैदान पहुंची। चौगान मौदान से भगवान जगन्नाथ रथ पर सवार होकर शहर के भ्रमण पर निकले। रथ यात्रा पूरे शहर की परिक्रमा करते हुए वापस ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर बड़ा चौक में संपन्न हुई। इस दौरान पूरा शहर भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा।
भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचने के लिए हर कोई उत्सुक नजर आया। माना जाता है कि भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने से सभी की मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। जगन्नाथ रथ यात्रा समिति के अध्यक्ष प्रकाश बंसल ने बताया कि कोरोना के चलते पिछले 2 साल सिर्फ औपचारिकता ही निभाई गई। इस बार धूमधाम के साथ रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा के दौरान पारंपरिक सिरमौरी वाद्ययंत्र भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनते हैं। यात्रा के दौरान शहर में विभिन्न स्थानों पर कई समाजसेवी संगठनों द्वारा यात्रा में पहुंचे लोगों के लिए खानपान की भी व्यवस्था की गई थी। खास बात यह है कि इस यात्रा में विभिन्न धर्मों के लोग एक साथ शरीक होते हैं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।