
रामपुर बुशहर : राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के चलते बंद हो गया है। ब्रौनी सड़क मार्ग पर सुबह 4 बजे से राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 बंद हुआ है, जिस कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग रामपुर मंडल सड़क मार्ग को खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन भारी बारिश के कारण ब्रौनी खड्ड का पानी लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा रामपुर के ग्रामीण सड़क मार्गों की हालत भी दिन-प्रतिदिन खराब हो रही है।
रामपुर में एचआरटीसी के 50 से अधिक रूट बंद
भूस्खलन व भारी वर्षा से एचआरटीसी रामपुर डिपो के 50 से अधिक बस रूट प्रभावित हो गए हैं। इसके अलावा तकलेच, मुनीश, दरकाली, सराहन, झाकड़ी, आनी व कुमारसैन के कई क्षेत्रों में एचआरटीसी की बसें फंसी हुई हैं। लोक निर्माण विभाग रामपुर की करीब 53 सड़कें बंद हैं। इन सड़कों में टिक्कर-खमाड़ी, गौरा-मशनू, किन्नू सड़क मार्ग भी बंद है। इसके कारण ग्रामीणों का संपर्क रामपुर क्षेत्र से कट गया है। लोक निर्माण विभाग सड़क मार्ग को खोलने का प्रयास कर रहा है लेकिन लगातार भूस्खलन होने से मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं।
जल शक्ति विभाग रामपुर को 8 करोड़ का नुक्सान
भूस्खलन से अभी तक जल शक्ति विभाग रामपुर को 8 करोड़ रुपए का नुक्सान हो गया है। वहीं, तकलेच-दत्तनगर पेयजल योजना की लाइन भी टूट गई है। ननखड़ी, रामपुर, नरैण, सराहन व पंद्रहबीश के क्षेत्रों में भूस्खलन से पानी की पाइपों व पानी के मुख्य स्रोतों को भारी नुक्सान हुआ है। इसके अलावा प्रशासन ने ननखड़ी के लाहणू में एक मकान को असुरक्षित घोषित कर परिवार को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है।
सड़क में गिरे मलबे को हटाने प्रयास जारी : सहायक अधिशासी अभियंता
राष्ट्रीय उच्च मार्ग रामपुर उपमंडल के सहायक अधिशासी अभियंता कतार शर्मा ने बताया कि भारी वर्षा से लगातार ब्रौनी खड्ड के आसपास के क्षेत्र में भूस्खलन हो रहा है। इसके कारण क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। प्रात:काल से राष्ट्रीय उच्चमार्ग-5 में यातायात बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि सड़क में गिरे मलबे को हटाने का लगातार प्रयास हो रहा है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।