
कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर से करवट ली है। बुधवार को कांगड़ा की धौलाधार पहाड़ियों, लाहौल व मनाली की ऊंची चोटियों सहित अटल टनल रोहतांग के साऊथ पोर्टल में बर्फबारी का दौर जारी है। जानकारी के अनुसार अटल टनल के साऊथ पोर्टल में 3 इंच के करीब बर्फबारी हो चुकी है। बुधवार दोपहर एक बजे धर्मशाला में तापमान गिरकर 9 डिग्री तक पहुंच गया है। उधर, अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल व साऊथ पोर्टल में बर्फबारी होने से टनल की तरफ वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। आपात्त स्थिति में फोर वाई फोर वाहनों को आवाजाही की अनुमति होगी।
उधर, प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों को हिदायत दी है कि वे जरूरी हो तभी यात्रा पर जाएं। वहीं, चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी में भी बर्फबारी हो रही है। चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी के चलते तापमान शून्य डिग्री से नीचे लुढ़क गया है, जिस कारण क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। राजधानी शिमला में बादल छाए हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार और वीरवार को बारिश और बर्फबारी होने का यैलो अलर्ट जारी हुआ है। 14 जनवरी तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।