जनता दरबार में फरियाद लेकर आई बुजुर्ग महिला से जब कुछ इस अंदाज में मिले सीएम सुक्खू #
October 6th, 2023 | Post by :- | 15 Views

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास ओकओवर में जनता दरबार लगाकर 500 लोगों की फरियाद को सुना। जब कुछ लोग कुर्सी पर बिठाकर बुजुर्ग महिला को लेकर पहुंचे तो मुख्यमंत्री ने उनका हाथ पकड़कर कहा, अम्मा क्या काम मिंजो दस्सो, करी दिंगा मैं…बताओ और आप आराम से जाओ। इस पर बुजुर्ग महिला बोली, मेरे पोते को बदल दिया। मुख्यमंत्री ने इस पर कहा कि आपके पोते की ट्रांसफर रुक जाएगी। इसके बाद बुजुर्ग महिला खिलखिलाते हुए वहां से चली गई।

भूमिहीन फरियादी को घर बनाने के लिए 3 बिस्वा जमीन देने का वायदा
इतना ही नहीं, कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ मुख्यमंत्री से अपनी फरियाद लेकर पहुंची। इसके अलावा चिड़गांव से आई करिश्मा की फरियाद पूरी करने के बाद उसके हाथ में 5 हजार भी दिए। मुख्यमंत्री से मिलने वालों में कई लोग बुजुर्ग और महिलाएं ऐसी भी थी, जिनको प्राकृतिक आपदा में नुक्सान हुआ था। ऐसे सभी लोगों की समस्याओं का मुख्यमंत्री ने निवारण भी किया तथा भूमिहीन एक फरियादी को घर बनाने के लिए 3 बिस्वा जमीन देने का वायदा भी किया। दरबार में एक महिला ऐसी भी आई जिसे मेडिकल रिइंबर्समैंट की जरूरत थी तथा उसकी समस्या के मौके पर ही निवारण के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री के सहपाठी भी 2.05 लाख का चैक लेकर पहुंचे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलने के लिए राजकीय महाविद्यालय संजौली में उनके साथ पढ़ने वाले सहपाठी भी 2.05 लाख रुपए का चैक लेकर पहुंचे। यह चैक लोकेश भाटिया ने भेंट किया तथा उनके साथ कालेज के मित्र नरेश शर्मा, मोहित चौहान, चंद्र मोहन बाली, नरेंद्र शर्मा, संजीव जम्वाल, इंद्र शर्मा और सुदर्शन शर्मा आदि मौजूद थे। इसके अलावा विधायक केवल सिंह पठानिया ने 3.10 लाख रुपए, जल शक्ति विभाग से संबद्ध राज्य फिटर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने 111111 रुपए का चैक सौंपा।

 

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।