‘कांग्रेस ने निजी स्वार्थ की भेंट चढ़ गया संसद का सत्र’, राहुल गांधी पर बरसे अनुराग ठाकुर
April 8th, 2023 | Post by :- | 13 Views

बिलासपुर : शनिवार को परिधि गृह बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि संसद का सत्र कांग्रेस के निजी स्वार्थ की भेंट चढ़ गया। एक परिवार को बचाने के लिए कांग्रेसी सांसदों ने लोकहित में कोई चर्चा नहीं होने दी। इससे स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस के लिए देश और संसद से बड़ा यह परिवार है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि न्यायालय में अपील दायर करने के लिए राहुल गांधी ने कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और कई राष्ट्रीय नेताओं को बुलाया ताकि शक्ति प्रदर्शन करके न्यायालय पर दबाव बनाया जा सके। राहुल गांधी ने पिछड़े समाज का मजाक बनाया है, लेकिन उन्होंने इसके लिए माफी नहीं मांगी। कांग्रेस और राहुल गांधी को अहंकार हो गया है और यही अहंकार कांग्रेस को ले डूबेगा। कांग्रेस के इसी अहंकार के कारण कांग्रेस के सहयोगी दल छिटकने लग पड़े हैं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी न्यायालय द्वारा सुनाई गई दो साल की सजा से अयोग्य हुए हैं। इसके लिए भाजपा और लोकसभा अध्यक्ष जिम्मेदार नहीं हैं।

पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास की गाथा लिखी गई

अनुराग ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। इस विकास को देखते हुए ही आईआईएम से लेकर विश्व बैंक ने सराहना की है। कोविड के समय कुछ लोग भारत में भुखमरी और बीमारी से करोड़ों लोगों के मरने के दावे करते थे। मोदी सरकार ने वैज्ञानिकों से इसकी दवा बनवाई और आज 80 करोड़ को मुफ्त में कोरोना की वैक्सीन लगाई।

देश नई बुलंदियों को छू रहा

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गई है। नरेंद्र मोदी लगातार तीन साल से दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बन रहे हैं। भारत आज दूध और स्टील उत्पादन में नंबर एक पर है। वहीं मोबाइल उत्पादन में नंबर-दो पर है। किसी समय रक्षा उपकरणों का भारत सबसे बड़ा आयातक था। आज निर्यातक बन चुका है। भारत ने 16 हजार करोड़ रुपये के रक्षा उपकरण निर्यात किए हैं।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।