तीर्थन घाटी को साफ सुथरा रखने में जुटी लक्ष्मी महिला मण्डल जावल की महिलाएं।
April 8th, 2023 | Post by :- | 88 Views

अपने घर गांव और पड़ोस को कचरा मुक्त रखने के लिए लोगों को कर रहे है जागरूक- हीरा देवी.

तीर्थम घाटी गुशैनी बंजार (परस राम भारती):- देश और प्रदेश भर के कई स्थानों में संपूर्ण स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। सरकार द्वारा चलाए इस अभियान को सफल बनाने में सरकारी विभागों के अलावा अन्य कई गैर-सरकारी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, युवक मंडलों और महिला मंडलों की भी भागीदारी रहती है।
जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के महिला मंडलों और स्वय सहायता समूहों की महिलाएं भी स्वच्छता के मामले में आगे बढ़कर काम कर रही हैं। यहां के लगभग हर छोटे बड़े गांव में अनेकों महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी अब नारी सशक्तिकरण और स्वच्छता का सन्देश दे रही हैं।

इसी कड़ी में तीर्थन घाटी के ग्राम पंचायत कंडीधार में लक्ष्मी महिला मण्डल की महिलाओं ने भी अपने गांव को साफ सुथरा और कचरा मुक्त बनाने के लिए सफाई अभियान छेड़ा है। महिला मण्डल की प्रधान हीरा देवी की अगुवाई में जावल, रूपाजानी और चनालटी गांव की महिलाओं ने चनालटी गांव से सफाई अभियान की शुरुआत कर ली है। इस दौरान महिलाओं ने चनालटी गांव, देव स्थल, और आस पास में साफ सफाई करके झाड़ियां काटी और कूड़ा कचरा एकत्रित करके रास्ते और नालियां भी साफ की है।

ग्राम पंचायत कंडीधार के उपप्रधान मोहिंद्र सिंह ने कहा है कि तीर्थन घाटी के छोटे छोटे गांवों की सुन्दरता को बनाए रखने के लिए यहां की महिलाओं द्वार किया जा रहा प्रयास बहुत ही सराहनीय है। इन्होंने कहा कि अगर महिलाएं जागरूक होंगी तो बच्चे और समाज भी तभी जागरूक होगा।

लक्ष्मी महिला मंडल जावल की प्रधान हीरा देवी ने बताया आज ग्राम पंचायत कंडीधार के चनालटी गांव में महिला मंडल की महिलाओं ने सफाई अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लिया और भरोसा दिलाया की भविष्य में भी इसी प्रकार के अभियान रूपाजानी और जावल गांव में भी चलाए जाएंगे। इन्होंने कहा कि लक्ष्मी महिला मंडल अपने गांव समाज में होने वाली प्रत्येक सामाजिक गतिविधि और कार्यक्रमों में भाग लेती रहेंगी।

इन्होंने बताया कि अब यह अपने गांव में गंदगी नहीं पड़ने देंगे और इनका महिला मंडल समय समय पर इस तरह के सफाई और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इन्होंने कहा कि वे स्थानीय लोगों के साथ साथ यहां पर घूमने आने वाले पर्यटकों को भी पर्यावरण की स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य करती रहेंगी।

इस एक दिवसीय सफाई अभियान में मोनिका देवी, रामेश्वरी, ऐला देवी, सुमा देवी, भीमा, सुंकला देवी, दिलबरु देवी, चंद्रा देवी, वंदना देवी, नूरी, सवित्रा, इंदिरा देवी, शांता देवी, रजनी और पूजा देवी विशेष रूप से उपस्थित रही।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।