केंद्रीय टीम ने बिलासपुर में देखे आपदा के जख्म, नुक्सान का लिया जायजा #
September 30th, 2023 | Post by :- | 5 Views

बिलासपुर : जिला बिलासपुर में भारी बारिश के कारण आई आपदा से हुए नुक्सान का जायजा लेने के लिए देर शाम केन्द्रीय इंटर मिनिस्ट्रीयल सैंट्रल टीम घुमारवीं पहुंची। टीम ने घुमारवीं के साथ कोठी पंचायत के पनियाला गांव में दौरा कर नुक्सान का जायजा लिया। टीम में लीडर रवनीश कुमार, डिप्टी डायरैक्टर एफसीडी महेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर डिपार्टमैंट ऑफ एग्रीकल्चर एंड फार्मर वैल्फेयर सुधीर सिंह भदोरिया और अंतरिक्ष विभाग में वैज्ञानिक अभिनव शुक्ला उपस्थित रहे।

डीसी बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने केंद्रीय टीम के सदस्यों को जिला में बारिश के कारण हुए नुक्सान की पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला में भारी बरसात के कारण आई आपदा के कारण करीब 219 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। इसमें लोक निर्माण विभाग को 86.60 करोड़, जल शक्ति विभाग को 70.50 करोड़, बिजली विभाग को 1 करोड़ 39 लाख, उद्यान विभाग को 14 करोड़, कृषि विभाग को 24.12 करोड़, शिक्षा विभाग को 5 करोड़ 51 लाख, पशुपालन विभाग को 12 लाख, पंचायती राज संस्थाओं और ग्रामीण विकास विभाग को 1 करोड़ 63 लाख करोड़ तथा शहरी निकायों को 8 करोड़ 17 लाख और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे व पक्के मकानों को लगभग 13 करोड़ रुपए के नुक्सान का आकलन किया गया।

निर्देशक एवं विशेष सचिव राजस्व (राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) दुनी चंद राणा ने बताया कि केंद्र से आई टीम का यह दूसरा दौरा है। टीम द्वारा नुक्सान का आकलन करने के उपरांत केंद्र से सहायता मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि टीम द्वारा विस्तृत नुक्सान का जायजा लिया गया। इस दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों उपस्थित रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।