OPS के लिए दिल्ली में गरजे हिमाचल के हजारों कर्मचारी, शिमला से प्रियंका वाड्रा ने किया ट्वीट #
October 1st, 2023 | Post by :- | 6 Views

शिमला : आगामी लोकसभा चुनाव से पहले देश में ओपीएस का मुद्दा फिर गर्माने लगा है। इसी कड़ी में जहां रविवार को विभिन्न राज्यों और केंद्र सरकार के अधीन आने वाले एनपीएस कर्मचारियों ने दिल्ली रामलीला मैदान में पैंशन शंखनाद रैली का आयोजन किया, वहीं शिमला से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने भी कर्मचारियों की मांग को जायज ठहराते हुए एक ट्वीट किया। प्रदेश एनपीएस एवं अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ समांनातर गुट के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेश से करीब 10000 कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान ओल्ड पैंशन बहाल किए जाने की मांग करते हुए केंद्र पर तीखा निशाना साधा गया। नई पैंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर दिल्ली में महारैली का आयोजन किया गया।

कर्मचारियों को रिटायरमैंट के बाद मिलनी चाहिए आर्थिक सुरक्षा 
वहीं निजी दौरे पर शिमला पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने ट्वीट किया कि पुरानी पैंशन बहाली की मांग को लेकर लाखों कर्मचारी दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से मानती रही है कि देश के नागरिक सरकारी सेवाओं में रहकर देश के निर्माण में अहम योगदान देते हैं। रिटायरमैंट के बाद उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा हर नागरिक का हक है। इसी सोच के तहत पैंशन की व्यवस्था की गई थी लेकिन भाजपा सरकार ने पैंशन खत्म करके बुजुर्गों का सहारा छीन लिया है।

मध्य प्रदेश में सरकार बनते ही बहाल होगी ओपीएस
प्रियंका वाड्रा ने ट्वीट किया कि राजस्थान, हिमाचल और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारों ने पुरानी पैंशन लागू कर दी है। अब मध्य प्रदेश की बारी है। वहां भी कांग्रेस की सरकार बनते ही पुरानी पैंशन व्यवस्था बहाल की जाएगी। कांग्रेस कर्मचारियों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

क्या बोले राष्ट्रीय महासचिव भरत शर्मा
नैशनल मूवमैंट फॉर ओल्ड पैंशन स्कीम के सचिव भरत शर्मा ने कहा कि दिल्ली में आयोजित पैंशन शंखनाद रैली सफल रही। इसमें 3 लाख से अधिक कर्मचारियों ने देश भर से भाग लिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों और आगामी वर्ष देश में होने वाले लोकसभा चुनाव में एनपीएस कर्मचारी उसी दल को वोट देंगे जो ओपीएस बहाली की गारंटी देगा।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।