Himachal Govt Jobs: हिमाचल पुलिस में 30 सब इंस्‍पेक्‍टर की भर्ती प्रक्रिया शुरू, आयुष विभाग में 35 को नौकरी #news4
July 17th, 2022 | Post by :- | 149 Views

शिमला : हिमाचल प्रदेश में सरकार ने रोजगार के द्वार खोले हैं। चुनावी वर्ष में नौकरियों की भरमार लग गई है। हर विभाग में रिक्‍त पदों को भरा जा रहा है। मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उप निरीक्षकों के 30 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें 20 पद पुरुषों और 10 पद महिलाओं के लिए होंगे। इस संबंध में प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने राज्य कर्मचारी चयन आयोग को पत्र लिखा है। जिसमें इन पदों को भरने के लिए अधिसूचित करने और सारी प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा है। इन पदों को भरने से प्रदेश में उप निरीक्षकों की कमी दूर होगी।

आयुष विभाग में भरे जाएंगे चतुर्थ श्रेणी के 35 पद

हिमाचल प्रदेश आयुष विभाग में पंचकर्मा पद्वति के तहत 35 चतुर्थ श्रेणी (मालिशिया) के पदों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियम निर्धारित कर दिए हैं। अधिसूचना के अनुसार इसके लिए न्यूनतम योग्यता दसवीं निर्धारित की गई है। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष और वेतनमान अनुबंध आधार पर 10800 रुपये प्रति माह प्रदान किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त किसी संस्थान से पंचकर्म में कम से कम छह माह का डिप्लोमा या प्रशिक्षण प्राप्त किया हो। इन पदों के लिए परीक्षा आयोजित नहीं होगी और चयन परीक्षा के अंकों के अलावा अनुभव, अनाथ, इकलौती पुत्री, विधवा, तलाक शुदा के लिए अलग से अंक रखे गए हैं।

18 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता बनाईं पर्यवेक्षक

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय ने 18 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को पदोन्नत कर स्वास्थ्य पर्यवेक्षक बनाया है। शनिवार को जारी पदोन्नति आदेश के साथ ही नई तैनाती की आदेश भी दे दिया गया है। इनकी तैनाती प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में की गई है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।