Nag Panchami 2023: शिमला के माहूनाग मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी नाग पंचमी, महायज्ञ का भी होगा आयोजन
August 20th, 2023 | Post by :- | 0 Views

शिमला : Nag Panchami 2023 पूरे देश व प्रदेश में सोमवार को नाग पंचमी का महापर्व मनाया जाएगा। ऐसे में शहर के नाग देवताओं के मंदिरों में इस दिन नाग देवता की विशेष पूजा की जाती है। शहर के श्री माहूनाग देवता मंदिर शगीण में भी इस दिन महायज्ञ का आयोजन होता है। हर वर्ष की तरह अबकी बार भी मंदिर में विशेष पूजा होगी, साथ ही महायज्ञ भी किया जाएगा।

माहूनाग मंदिर में शहर से ही नहीं बल्कि दूर दराज के क्षेत्रों से भी लोग पूजा अर्चना के लिए आते हैं। इस दिन कई लोग अपने-अपने घरों से दूध का लोटा भी लेकर आते हैं और नाग देवता पर चढ़ाकर पूजा करते हैं। कहा जाता है कि इस दिन जो भी श्रद्धालु नाग देवता के दूध से स्नान करवाता है, उसकी समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

इस वजह से हो रहा महायज्ञ का आयोजन

इस बार नाग पंचमी का पर्व सोमवार के दिन आया है। ऐसे में इस बार मंदिर में लोगों की ज्यादा भीड़ देखने को मिल सकती है। बीते वर्ष नाग पंचमी मंगलवार के दिन आई थी। इस बार यह महूर्त सोमवार के दिन आया है। इसीलिए इस बार मंदिर में महायज्ञ का आयोजन रखा गया है। माहूनाग मंदिर में नाग पंचमी के दिन श्रद्धालुओं का आना सुबह से ही शुरू हो जाता है।

माहूनाग मंदिर में नाग पंचमी के दिन सुबह 7 से 9 बजे तक श्री माहूनाग देवता की विशेष पूजा की जाती है। इसके बाद श्रद्धालु मंदिर परिसर में माथा टेकने के लिए जाते हैं। इस दिन माहूनाग मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें भी लग जाती हैं। इसके अलावा, इस दिन मंदिर में भंडारे का भी आयोजन किया जाता है।

क्यों है खास है इस बार की नाग पंचमी?

श्रावण का महीना जहां शिवजी को समर्पित है। वहीं, इस महीने में शिवजी के गले के हार नागदेवता जी का पूजन विशेष फलदाई रहता है। इसीलिए श्रावण माह की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी के उपलक्ष पर मनाया जाता है। क्योंकि पंचमी तिथि नागों के अधीन होने से इसे नाग पंचमी कहा जाता है। श्रावण माह की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि अन्य पंचमी तिथियों की तुलना विशेष महत्व रखती है। इस दिन नाग देवता की पूजा की जाती है व उन्हें दूध से स्नान कराया जाता है। इस दिन नवनागों की भी पूजा की जाती है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।