राजस्व कर्मियों ने विधायक विनोद को चेताया, कहा- ‘माफी नहीं मांगी तो हड़ताल पर जाएंगे’; ADC से को सौंपा ज्ञापन
August 19th, 2023 | Post by :- | 8 Views

मंडी : एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी और ऑफिस कानूनगो के साथ हुए दुर्व्यवहार का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। राजस्व कर्मचारी महासंघ अब माफी की मांग पर अड़ गया हैं। महासंघ के पदाधिकारियों ने चेताया कि अगर विधायक विनोद कुमार (BJP MLA Vinod Kumar) ने दो दिन के अंदर माफी नहीं मांगी तो सोमवार से हड़ताल पर चले जाएंगे। आपदा से संबंधित कोई कार्य नहीं करेंगे।

अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त उपायुक्त निवेदिता नेगी से मिला

शनिवार को बल्ह, रिवालसर और सदर के राजस्व अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त उपायुक्त मंडी निवेदिता नेगी से मिला। उन्हें अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन दिया। उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत करवाया। राजस्व कर्मियों ने कहा कि विधायक की धमकी के बजाय अब हर कोई छुटभैया फोन पर धमका रहा है। इससे कर्मचारियों में डर का माहौल है। फील्ड में काम करना मुश्किल हो गया है।

एसडीएम कार्यालय में किया गया हंगामा

विधायक का आचरण सही नहीं था। अगर उन्हें कोई शिकायत थी तो एसडीएम को कहकर बैठक बुलाते वहां सबसे समक्ष अपनी बात रखते। ऐसा करने के बजाय एक सुनियोजित तरीके से तहसील व एसडीएम कार्यालय में हंगामा किया। वह पीड़ितों को राहत दिलाने नहीं बल्कि लड़ने की मंशा से आए थे। एसडीएम स्मृतिका नेगी (SDM Samritika) सात माह की गर्भवती है। बावजूद इसके वह फील्ड में जाकर नुकसान का जायजा ले रही हैं।

निवेदिता नेगी ने राजस्व कर्मियों को समझाया

विधायक को राहत नियमावली का पूरा ज्ञान होना चाहिए। उन्हें राजनीति करनी हो तो अपने क्षेत्र में करें। कर्मचारियों को फील्ड में अपना काम करने दें। निवेदिता नेगी ने राजस्व कर्मियों को समझाया कि जो कुछ हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। आपदा बहुत बड़ी है। प्रभावितों के जख्मों पर मरहम लगाने की आवश्यकता है। हड़ताल पर जाने का यह उचित समय नहीं है।

 

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।