मनाली में रह रहे रूस व यूक्रेन के नागरिक बोले- युद्ध नहीं शांति चाहिए, शांति के लिए मोदी का जताया आभार #news4
October 15th, 2022 | Post by :- | 56 Views

मनाली : चेहरे पर रूस व यूक्रेन के टैटू बनवाकर मनाली में रह रहे दोनों देशों के नागरिकों ने यूक्रेन का “डिफेंडर डे” मनाकर युद्ध विराम की अपील की। उन्होंने शुक्रवार को मनाली के वशिष्ठ में एकत्रित होकर शांति का संदेश दिया। साथ ही भारत की ओर से दोनों देशों को दिए गए शांति से वार्ता करने के सुझाव की सराहना की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। रूस निवासी उज्वला नीलमणि ने कहा कि युद्ध से किसी का भला नहीं हो रहा है, बल्कि हर नागरिक को दुःख पहुंच रहा है। यूक्रेन के नागरिक आंद्रे ने कहा कि युद्ध नहीं शांति चाहिए। उन्होंने कहा कि युद्ध दुनिया के एक बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचा रहा है।

कूटनीति और वार्ता से सुलझ सकता है विवाद

रूस के युवा निकास व वरवरा ने कहा कि कूटनीतिक और वार्ता से रूस व यूक्रेन का विवाद सुलझ सकता है। यूक्रेन निवासी ओल्गा ने कहा कि युद्ध हमेशा विनाशकारी रहे हैं। इसलिए नागरिकों के दर्द को देखते हुए युद्ध बंद करना चाहिए। फ्रांस की एलिना फिनिस्ट ने कहा कि दोनों देशों के लोग शांति से जीना चाहते हैं। सबने ने युद्ध से प्रभावित लोगों को याद किया।

कई महीनों से चल रहा युद्ध

रूस और यूक्रेन के बीच कई महीनों से लगातार संघर्ष चल रहा है। इस कारण वहां की जनता भी परेशानी में है। दोनों देश युद्ध को रोकने की पहल नहीं कर रहे हैं। मनाली में रह रहे दाेनों देशों के लोगों ने युद्ध बंद करने की अपील की है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।