लंगेरा-चंबा मार्ग पर नियंत्रण खोने की वजह से खाई में गिरी कार, पांच लोग घायल
January 2nd, 2023 | Post by :- | 36 Views

सलूणी : लंगेरा-किहार-सलूणी-चंबा मार्ग पर दुधेड़ी में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे हुआ।

घायल प्रवीण कुमार पुत्र केवल सिंह गांव साहो, अजय कुमार पुत्र रविंद्र कुमार मोहल्ला ओबडी (चंबा), चालक मंजीत कुमार पुत्र प्रकाश चंद मोहल्ला ओबडी, अनीश कुमार पुत्र जगदेव गांव पुढ़न, डाकघर भांदल, तहसील सलूणी तथा राकेश कुमार पुत्र प्रकाश चंद गांव ब्रेई का उपचार मेडिकल कालेज चंबा में चल रहा है।

उक्त पांचों युवक रविवार तड़के कार (एच-पी-48बी-0504) में सवार होकर किहार से चंबा की ओर जा रहे थे। जब कार दुधेडी नामक स्थान पर पहुंची तो चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिस कारण कार मार्ग से करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाई जान

कार के खाई में गिरने पर जोरदार आवाज आई, जिसके कारण स्थानीय लोगों की नींद खुल गई तथा वे दुर्घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने अपने स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया। काफी देर तक कड़ी मशक्कत के बाद लोग घायलों को खाई से निकालने में कामयाब रहे। लोगों ने घायलों को किहार अस्पताल पहुंचाया।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।