किन्नौर : NH-5 पर निगुलसरी के पास भूस्खलन, सेब से लदे 2 वाहन क्षतिग्रस्त #
September 7th, 2023 | Post by :- | 17 Views

रिकांगपिओ : जिला किन्नौर के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर निगुलसरी के पास वीरवार सुबह पहाड़ी में  भूस्खलन हो गया, जिसके चलते पत्थरों के गिरने से सेब से लदे 2 वाहन पत्थरों की चपेट में आ गए। हालांकि इस हादसे में किसी तरह का जानी नुक्सान नहीं हुआ है परंतु वाहनों व सेब को भारी नुक्सान हुआ है। वहीं पहाड़ी से भारी-भरकम पत्थरों के गिरने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 भी लगभग 5 घंटे तक बंद रहा।

जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह लगभग 3 बजे निगुलसरी के पास पहाड़ी में भूस्खलन हो गया, जिसके चलते भारी-भरकम पत्थर गिरने लगे, जिससे राष्ट्रीय उच्च माग-5 पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इससे रिकांगपिओ से रामपुर, शिमला व शिमला से रिकांगपिओ की ओर छोटे व बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई तथा सड़क मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान वहां पर सड़क के किनारे खड़ा सेब से लदा एक ट्रक व पिकअप पत्थरों की चपेट में आ गई, जिससे दोनों वाहनों को भारी क्षति पहुंची तथा सेब भी सड़क पर बिखर गए।

वहीं मार्ग के बंद होने की सूचना मिलते ही एनएच प्राधिकरण द्वारा मार्ग की बहाली के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया गया तथा लगभग 5 घंटे के बाद मार्ग को बहाल कर दिया गया। एनएच कनिष्ठ अभियंता सतीश जोशी ने बताया कि पहाड़ी से पत्थर गिरने से मार्ग सुबह अवरुद्ध हो गया था, जिसे लगभग 5 घंटे के बाद सभी वाहनों के लिए बहाल कर दिया।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।