चम्बा में दर्दनाक हादसा, वाहन दुर्घटना में 2 साल के बच्चे सहित 3 की मौत, 8 घायल #
September 7th, 2023 | Post by :- | 9 Views

चम्बा : चम्बा जिले के माणी-सिढकुंड मार्ग पर टरीरू के निकट एक बोलेरो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 2 महिलाओं व एक बच्चे की मौत हो गई है। इसके अलावा चालक समेत 8 लोग घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य पर वीरवार को राजपुरा से एक बोलेरो माणी पंचायत में स्थित द्ववाट महादेव मंदिर गए गई थी। बोलेरो में चालक समेत 11 लोग सवार थे। इनमें 5 महिलाएं व 5 उनके बच्चे शामिल थे। ये मुंडन संस्कार के लिए मंदिर गए थे। वहां पर मुंडन संस्कार की रस्में पूरी करने के बाद वापस घर लौट रहे थे।

जब बोलेरो टरीरू मोड़ के पास पहुंची तो अचानक चालक ने नियंत्रण को दिया, जिसके चलते बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में 2 वर्ष के बच्चे समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। इसके साथ ही पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को 108 एंबुलैंस के माध्यम से मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा भिजवाया। डीएसपी चम्बा जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के असल कारणों की जांच चल रही है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।